लक्ष्मणगढ़ 23 मार्च। जिला चिकित्सालय लक्ष्मणगढ़ में सोमवार को एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत घस्सू निवासी नैन्सी चौधरी एवं रुचिका भास्कर को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। नैन्सी चौधरी वर्तमान में कक्षा 10 की छात्रा है तथा वह प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, जिला चिकित्सालय लक्ष्मणगढ़ डॉ. अटल भास्कर की भतीजी हैं। उनके पिता डॉ. विकास भास्कर उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं एवं माता श्रीमती सरोज थालौड़ राजकीय सेवा में शारीरिक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। साथ ही उनके दादाजी रिछपाल सिंह भास्कर पूर्व प्राचार्य, राजकीय जीएनएम नर्सिंग सेंटर सीकर रहे हैं। इस पहल से समाज में सकारात्मक संदेश गया है कि जागरूक एवं शिक्षित परिवार अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों उपखंड अधिकारी मोहर सिंह मीणा ने भी एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर आमजन से अपील की गई थी, जिससे इस अभियान को और अधिक गति मिली है।
एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एक सुरक्षित एवं अत्यंत प्रभावी उपाय है। विशेषज्ञों के अनुसार यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से लगभग 99.99 प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करने में सहायक मानी जाती है। निजी बाजार में इसकी कीमत लगभग 4 हजार रुपए तक होती है, जबकि सरकारी अभियान के अंतर्गत यह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।भारत सरकार एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान सरकार के तत्वाधान में प्रारम्भ इस अभियान के अंतर्गत वर्तमान में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की सिंगल डोज लगाई जा रही है। टीकाकरण से पूर्व यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।जिला चिकित्सालय लक्ष्मणगढ़ के टीकाकरण कक्ष में यह वैक्सीन प्रतिदिन राजकीय अवकाश को छोड़कर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध है। सोमवार को टीकाकरण सत्र के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अटल भास्कर के अलावा उपनियंत्रक डॉ. शीशराम चौधरी, बीसीएमओ डॉ. दिनेश कस्वां, वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. विमल भूरिया, बीपीएम विकास तूनवाल सहित एएनएम सरस्वती पीके, अनीता, सुनीता, छोटी देवी एवं बबीता आदि उपस्थित रहे।प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अटल भास्कर ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांतियों पर विश्वास न करें तथा अपनी बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय पर एचपीवी वैक्सीनेशन अवश्य करवाएँ। यह वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है।उन्होंने सभी अभिभावकों से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने एवं अधिक से अधिक बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।